Budget Session: संसद की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित
Budget Session: Parliament adjourned until March 9
दिल्ली/प्रतिनिधि : संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही फिलहाल स्थगित कर दी गई है। बजट सत्र का दूसरा चरण अब 9 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। बजट सत्र का पहला चरण पिछले महीने 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दोनों सदनों के संयुक्त अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था।
बजट सत्र का दूसरा चरण अब 9 मार्च से 2 अप्रैल तक
लोकसभा में कार्यवाही शुरू होने पर कई मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों से संबंधित दस्तावेज सदन के पटल पर रखे। पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने पूर्व सांसद भगवान दास राठौर के 21 जनवरी को हुए निधन पर शोक व्यक्त किया। सदन ने दिवंगत नेता के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा। प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा कोडीन युक्त कफ सिरप से हुई मौतों पर प्रश्न का उत्तर दे रहे थे, लेकिन कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके सहित विपक्षी दलों के हंगामे के कारण वे अपना वक्तव्य पूरा नहीं कर सके। लगातार नारेबाजी के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। वहीं राज्यसभा में शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति का संदेश पढ़कर सदन को अवगत कराया।



