PM Modi : वायरल वीडियो को पीआईबी ने बताया झूठा
PIB Debunks Viral Video Attributed to PM Modi as Fake

दिल्ली/प्रतिनिधि : केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आधार कार्ड पर नि:शुल्क एक तोला सोना देने की घोषणा की है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक और असत्य है। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की तथ्य-जांच इकाई ने इस वीडियो की जांच के बाद बताया कि यह वीडियो फर्जी है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के माध्यम से तैयार किया गया है। पीआईबी ने साफ कहा है कि केंद्र सरकार की ओर से इस प्रकार की कोई योजना या घोषणा नहीं की गई है।
पीआईबी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऐसी किसी भी खबर पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। किसी भी सरकारी योजना या घोषणा की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट, सरकारी सोशल मीडिया हैंडल या संबंधित विभाग के विश्वसनीय स्रोतों से ही पुष्टि करें। सरकार ने अफवाहों से सावधान रहने की सलाह दी है।



