Trending

DGCA में 50% पद खाली, AAI-ATC में भी भारी कमी, विमानन सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

50% of DGCA Posts Vacant, Severe Shortage in AAI-ATC as well, Raising Serious Questions about Aviation Safety

नई दिल्ली। देश में हाल के विमान हादसों—जैसे अहमदाबाद और बारामती—ने भारतीय विमानन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच संसद में हुए एक बड़े खुलासे ने चिंता को और गहरा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, देश की प्रमुख विमानन संस्थाओं DGCA, AAI और ATC में हजारों पद खाली पड़े हैं, जिससे एविएशन सेफ्टी को लेकर सरकार की गंभीरता पर सवाल उठने लगे हैं।

संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) में कुल 1630 स्वीकृत पद हैं, लेकिन इनमें से 805 पद खाली हैं। यानी लगभग 50 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां नहीं हुई हैं। DGCA जैसी अहम नियामक संस्था में आधे से ज्यादा पद रिक्त होना विमानन सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक माना जा रहा है।

वहीं एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की स्थिति भी कुछ बेहतर नहीं है। AAI में कुल 25,730 स्वीकृत पद हैं, जबकि सिर्फ 16,011 पदों पर ही नियुक्ति की गई है। यानी 9,719 पद अभी भी खाली पड़े हुए हैं। यह कमी हवाई अड्डों के संचालन, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सीधा असर डाल सकती है।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की हालत भी चिंताजनक बताई गई है। ATC में कुल 5,537 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 1,274 पद खाली हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ATC में स्टाफ की कमी से हवाई यातायात के संचालन और सुरक्षा में जोखिम बढ़ सकता है।

लगातार हो रहे विमान हादसों और संस्थाओं में भारी रिक्तियों के खुलासे के बाद देशभर में एविएशन सेफ्टी को लेकर सरकार से सवाल पूछे जा रहे हैं। आम लोगों के साथ-साथ विशेषज्ञ भी यह जानना चाहते हैं कि आखिर विमानन सुरक्षा को लेकर सरकार कितनी गंभीर है और खाली पदों को भरने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker