U-19 National Handball: घुमारवीं में मंत्री धर्माणी का Inspection

U-19 National Handball \ Minister Dharmani Inspects Preparations in Ghumarwin

घुमारवीं। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज पीएम श्री राजकीय (छात्र) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घुमारवीं परिसर का दौरा कर आगामी 1 से 5 फरवरी तक आयोजित होने जा रही छात्राओं की अंडर-19 राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदान सहित खिलाड़ियों के ठहराव, भोजन, परिवहन, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

मंत्री ने बताया कि घुमारवीं में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इस प्रतियोगिता में देशभर के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 40 टीमों की छात्रा खिलाड़ी भाग लेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे और सभी इंतजाम समयबद्ध व उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।

राजेश धर्माणी ने कहा कि बाहर से आने वाली खिलाड़ी और अधिकारी हमारे मेहमान हैं, इसलिए उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को खेल मैदान और आसपास के मार्गों की मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने, पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा परिवहन विभाग को आवागमन के पर्याप्त साधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर परिषद को साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंत्री ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करते हैं। ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं को प्रेरित करती हैं और खेल संस्कृति को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने आयोजन समिति, विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वय से यह आयोजन सफल और यादगार बनेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker