Supreme Court: आज देश के बड़े मामलों पर सुनवाई
Supreme Court to hear several major cases today

दिल्ली/प्रतिनिधि: देश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का अहम दिन है। शीर्ष अदालत में विभिन्न जनहित याचिकाओं पर सुनवाई होनी है, जिनका सीधा असर आम जनता, छात्रों और अभिभावकों पर पड़ सकता है।सुप्रीम कोर्ट में आज पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई होगी। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि पटाखों से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। इस मामले में अदालत का रुख आने वाले समय में बड़ी दिशा तय कर सकता है। इसके अलावा, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नई शिक्षा नीति के खिलाफ दायर याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग का मामला भी आज मेंशन किए जाने की संभावना है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि नई नीति छात्रों के हितों के खिलाफ है और इससे उच्च शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
वहीं, दिल्ली के निजी स्कूलों में फीस की मनमानी पर रोक लगाने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा जारी अधिसूचना को चुनौती देते हुए निजी स्कूलों ने भी सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। स्कूलों का कहना है कि यह अधिसूचना उनके अधिकारों का उल्लंघन करती है। इस पर भी आज सुनवाई होनी है। आज की सुनवाई से जुड़े फैसलों पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं।



