
Jalna Shooting:युवक की गोली मारकर हत्या
Jalna Shooting: Young Man Shot Dead
जालना/प्रतिनिधि : जालना शहर में बुधवार को एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है। शहर के नूतन वसाहत इलाके में घाटी रोड पर बाइक सवार दो से तीन अज्ञात हमलावरों ने बुलेट मोटरसाइकिल पर जा रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में 27 वर्षीय चरण रायमल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने चरण पर दो से तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से चरण को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। शहर के केंद्रीय इलाके में हुई इस गोलीबारी से दहशत का माहौल है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



