Katihar: नेताजी जयंती पर उमड़ा जनसैलाब
Massive Crowd Gathers in Katihar on Netaji's Birth Anniversary

कटिहार/प्रतिनिधि : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 130वीं जयंती के अवसर पर कटिहार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तार किशोर प्रसाद, मेयर उषा देवी अग्रवाल, मनिहारी नगर पंचायत के चेयरमैन राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तार किशोर प्रसाद ने कहा कि पूरा देश आज नेताजी को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘नेताजी’ शब्द यदि किसी एक महापुरुष के लिए उपयुक्त है, तो वह केवल सुभाष चंद्र बोस हैं, जिन्होंने आज़ाद हिंद फौज का गठन कर सशस्त्र आंदोलन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंडिया गेट पर नेताजी की प्रतिमा स्थापित किए जाने को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
मेयर उषा देवी अग्रवाल ने नेताजी के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वहीं सन ऑफ इंडिया क्लब के अध्यक्ष बासी दत्ता ने बताया कि वर्ष 1962 से नेताजी की प्रतिमा स्थापना कर जयंती मनाई जा रही है।



