Doda Accident: ट्रक हादसे में 10 जवान शहीद
Doda Accident: 10 Soldiers Martyred in Truck Accident

जम्मू-कश्मीर/प्रतिनिधि : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डोडा से गुजर रहा इंडियन आर्मी का एक ट्रक भद्रवाह–चंबा रोड पर 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा उस समय हुआ जब सेना का ट्रक जवानों को ऊंचाई वाले इलाके में पोस्टिंग के लिए ले जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर का वाहन से अचानक नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रक खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन की बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। घायल जवानों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से कई को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है।
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश अपने वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और इस दुख की घड़ी में शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है।



