
Mayor Reservation: 29 मनपा के मेयर आरक्षण घोषित
Mayor Reservation: Maharashtra's 29 Municipal Corporation Mayor Reservations Announced
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे: राज्य में 29 नगर निगमों के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बहुप्रतीक्षित मेयर पद के आरक्षण का ड्रॉ आखिरकार आज मंत्रालय में संपन्न हुआ। इस ड्रॉ पर पूरे राज्य की राजनीतिक निगाहें टिकी हुई थीं, क्योंकि इसी से नगर निगमों की सत्ता का समीकरण तय होना था। 15 जनवरी को नगर निगम चुनावों के लिए मतदान हुआ था और 16 जनवरी को नतीजे घोषित किए गए थे।
29 नगर निगमों में मेयर पद का आरक्षण
शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल की मौजूदगी में मंत्रालय में आरक्षण प्रक्रिया पूरी की गई। ड्रॉ के मुताबिक 29 नगर निगमों में मेयर पद का आरक्षण इस प्रकार तय किया गया है—अनुसूचित जाति (SC) के लिए 3 नगर निगम, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 1 नगर निगम (कल्याण-डोंबिवली), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 8 नगर निगम और जनरल (ओपन) कैटेगरी के लिए 17 नगर निगम।
महिलाओं को मिला 50% प्रतिनिधित्व
सबसे अहम बात यह है कि 50 प्रतिशत महिला आरक्षण के नियम के तहत 29 में से 15 नगर निगमों में महिला मेयर होंगी। ड्रॉ के अनुसार अहिल्यानगर, जलगांव, अकोला और चंद्रपुर में OBC महिला मेयर होंगी, जबकि लातूर और नवगठित जालना नगर निगम में अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए मेयर पद आरक्षित किया गया है। इस आरक्षण ड्रॉ के चलते कई बड़े पुरुष नेताओं की दावेदारी खत्म हो गई है और राजनीतिक दलों के सामने अब योग्य महिला उम्मीदवारों को तलाशने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। यह ड्रॉ आने वाले दिनों में राज्य की शहरी राजनीति की दिशा और दशा तय करेगा।


