Republic Day परेड में नौसेना की दमदार झलक
Indian Navy's Powerful Presence at Republic Day Parade

दिल्ली/प्रतिनिधि : इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर भारतीय नौसेना की सशक्त और गौरवपूर्ण उपस्थिति देखने को मिलेगी। नौसेना के मार्चिंग दस्ते में देश के विभिन्न हिस्सों से चुने गए 144 युवा नाविक शामिल होंगे, जो भारत की “विविधता में एकता” की भावना को सजीव रूप से प्रस्तुत करेंगे। परेड कमांडर लेफ्टिनेंट करण नाग्याल ने जानकारी दी कि इन नाविकों ने दो महीने से अधिक का कठोर और विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनका कहना है कि गणतंत्र दिवस परेड में नौसेना की भागीदारी राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस वर्ष नौसेना की झांकी “एक मजबूत राष्ट्र के लिए एक मजबूत नौसेना” की थीम पर आधारित होगी, जिसमें भारत की प्राचीन समुद्री विरासत से लेकर आधुनिक समुद्री शक्ति तक की यात्रा को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा, भारतीय नौसेना बैंड के 80 संगीतकार गणतंत्र दिवस परेड और ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति देंगे।



