IND vs NZ ODI: सीरीज़ के लिए टीम इंडिया घोषित
IND vs NZ ODI: Team India Announced for the Series

विशेष;प्रतिनिधि: टीम इंडिया साल 2026 की अपनी पहली और इकलौती वनडे सीरीज़ न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेलेगी। तीन मैचों की यह सीरीज़ 11 जनवरी से शुरू होगी। सीरीज़ से आठ दिन पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है, जिसका क्रिकेट फैंस लंबे समय से इंतज़ार कर रहे थे। इस सीरीज़ के लिए BCCI ने नेतृत्व में बदलाव करते हुए शुभमन गिल को कप्तान और श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया है। शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज़ में चोटिल होने के कारण बाहर थे, जबकि श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए थे। अब दोनों की टीम में वापसी हुई है, हालांकि BCCI ने स्पष्ट किया है कि श्रेयस अय्यर का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
पिछली वनडे सीरीज़ में केएल राहुल ने टीम की कप्तानी की थी, लेकिन शुभमन की वापसी के साथ एक बार फिर उन्हें कमान सौंपी गई है। इसके अलावा तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज और ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की भी वनडे टीम में वापसी हुई है।
भारत-न्यूज़ीलैंड वनडे सीरीज़ का पहला मैच 11 जनवरी को बड़ौदा, दूसरा 14 जनवरी को राजकोट और तीसरा व आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। मजबूत टीम चयन के साथ भारत इस सीरीज़ में जीत के इरादे से उतरेगा।
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ ODI सीरीज़ के लिए टीम इंडिया:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल



