
Pune का मेयर फिर भाजपा का होगा: मुरलीधर मोहोल
Pune's Mayor will be from BJP again: Muralidhar Mohol
पुणे;प्रतिनिधि: केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने दावा किया है कि आगामी पुणे महानगरपालिका चुनाव के बाद एक बार फिर पुणे का मेयर भाजपा का ही होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से पुणे शहर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए गए हैं, जिसका लाभ सीधे नागरिकों को मिला है। बाजीराव रोड स्थित भारत भवन में पुणे शहर भाजपा मीडिया सेंटर के उद्घाटन अवसर पर मोहोल ने कहा कि मेट्रो विस्तार, ई-बसों की संख्या में वृद्धि, 24×7 जलापूर्ति, मेडिकल कॉलेज, पुणे-लोनावाला तीसरे व चौथे मार्ग की मंजूरी, नया हवाई अड्डा टर्मिनल और चांदनी चौक का विस्तार जैसे कार्य विकास की दिशा में मजबूत कदम हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों तक मीडिया सेंटर के माध्यम से पार्टी की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। भाजपा, शिवसेना और आरपीआई के गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा जा रहा है। भाजपा ने महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए 92 महिला उम्मीदवार उतारे हैं। मोहोल ने कहा कि पुणेकर हमेशा विकास का समर्थन करते आए हैं और इस बार भी भाजपा के पक्ष में जनादेश देंगे।



