Amit Shah: ‘मां-माटी-मानुष’ का सम्मान खतरे में
Amit Shah says: 'Respect for Mother, Motherland, and People' is in Danger

दिल्ली;प्रतिनिधी: अगले वर्ष पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान पार्टी की कोर लीडरशिप को तृणमूल कांग्रेस के प्रचार और आरोपों का लगातार और प्रभावी तरीके से मुकाबला करने के निर्देश दिए। अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन अमित शाह ने कोलकाता के साइंस सिटी ऑडिटोरियम में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक की और उन्हें चुनावी जीत का मंत्र दिया। बैठक में गृह मंत्री ने घुसपैठ, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर तृणमूल सरकार को घेरने की स्पष्ट रणनीति बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे के साथ सत्ता में आई थीं, लेकिन आज बंगाल की माताओं की सुरक्षा खतरे में है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठ बढ़ रही है, जमीन पर कब्जे हो रहे हैं और लोग पलायन को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि अमित शाह आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के तहत चार राज्यों के 15 दिवसीय दौरे पर हैं। इसके बाद वे तमिलनाडु और केरल का भी दौरा करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करना है।



