New साल के जश्न के साथ UAE का सामाजिक संदेश
UAE's Social Message with New Year Celebrations

विशेष;प्रतिनिधी: संयुक्त अरब अमीरात में भव्य आतिशबाजी और अत्याधुनिक ड्रोन शो के साथ नव वर्ष 2026 का जोरदार स्वागत किया गया। नववर्ष के मौके पर आयोजित समारोहों को देखने के लिए समुद्र तटों, प्रमुख सड़कों और शहरों के केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दुबई और रास अल खैमाह में आयोजित कार्यक्रमों ने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा। आधी रात से पहले ही हजारों लोग अपने परिवारों और दोस्तों के साथ निर्धारित स्थलों पर जमा हो गए थे, जहां उन्होंने रोशनी, संगीत और तकनीक से सजे शानदार नजारों का आनंद लिया।
इन आयोजनों का कई अंतरराष्ट्रीय टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे दुनियाभर के लोग इस उत्सव का हिस्सा बने। इसी अवसर पर संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने वर्ष 2026 को आधिकारिक रूप से “परिवार वर्ष” घोषित करने की घोषणा की। सरकार के अनुसार इस पहल का उद्देश्य देश में पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाना, सामाजिक एकता को बढ़ावा देना और सामुदायिक कल्याण को मजबूत करना है। नववर्ष का यह संदेश उत्सव के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।



