
Final कैबिनेट बैठक में इंफ्रा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी
Approval of Infra Projects in Final Cabinet Meeting
मुंबई;प्रतिनिधी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज वर्ष 2025 की अंतिम केंद्रीय कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, जिसमें देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने महाराष्ट्र में नासिक–सोलापुर–अक्कलकोट 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 19,142 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस कॉरिडोर के निर्माण से राज्य के प्रमुख औद्योगिक, धार्मिक और व्यापारिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके अलावा कैबिनेट ने ओडिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग-326 के किलोमीटर 68.600 से किलोमीटर 311.700 तक की मौजूदा दो-लेन सड़क को पक्के शोल्डर सहित दो-लेन में चौड़ा और सुदृढ़ करने की परियोजना को भी मंजूरी दी है। यह परियोजना EPC मोड पर क्रियान्वित की जाएगी। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस सड़क परियोजना से ओडिशा के कई बड़े शहरों और आर्थिक केंद्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में हुई उल्लेखनीय उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि केंद्र सरकार देश के समग्र विकास के लिए आधारभूत ढांचे को लगातार सशक्त बना रही है।



