yuva सशक्तीकरण पर केंद्रित नई नीतियाँ बना रही सरकार
Government Formulating New Policies Focused on Youth Empowerment: PM Modi
दिल्ली; प्रतिनिधि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार युवाओं को राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रखते हुए नई नीतियाँ तैयार कर रही है, जिनका मुख्य उद्देश्य युवा सशक्तीकरण है। नई दिल्ली में वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में अग्रसर करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष, खेल, फिनटेक और विनिर्माण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की प्रत्येक पहल के केंद्र में युवा हैं। उन्होंने बताया कि मेरा युवा भारत पहल के माध्यम से युवाओं को जोड़ा जा रहा है और उन्हें नेतृत्व कौशल विकसित करने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में युवाओं के लिए पहले से कहीं अधिक अवसर उपलब्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों से विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर केंद्रित है, जो व्यावहारिक शिक्षा, नवाचार और समस्या-समाधान कौशल को बढ़ावा देती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि साहिबजादे मुगलों की क्रूरता के सामने चट्टान की तरह खड़े रहे और धार्मिक कट्टरता के विरुद्ध अदम्य साहस का परिचय दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में वीर बाल दिवस ने साहिबजादों के बलिदान और प्रेरणा को युवा पीढ़ी तक पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि माता गुजरी, श्री गुरु गोबिंद सिंह और चारों साहिबजादों के आदर्श आज भी हर भारतीय को प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित 20 बच्चों से संवाद भी किया। ये पुरस्कार बहादुरी, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किए गए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बच्चों से राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन का मार्गदर्शक मंत्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है और देशवासी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।



