Lucknow में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन
Rashtra Prerna Sthal Inaugurated in Lucknow

लखनऊ/प्रतिनिधि : आजाद भारत के महानायकों की विरासत को संजोने और उन्हें सम्मान देने के उद्देश्य से लखनऊ के वसंत कुंज में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे आजाद भारत के सम्मान, स्वाभिमान और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक बताया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती का स्मरण करते हुए उनकी हाजिर-जवाबी और पाकिस्तान से जुड़े एक प्रसंग का उल्लेख किया, जिसे सुनकर उपस्थित लोग भावुक हो उठे। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र नायकों की स्मृति में बना यह प्रेरणा स्थल आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की यात्रा में मार्गदर्शक सिद्ध होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। साथ ही यहां बने अत्याधुनिक संग्रहालय में इन दूरदर्शी नेताओं के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।



