
Airport की ख़ुशी, नाम न देने का दुःख-अनूप पाटील
Airport's Joy, the Sadness of Unfulfilled Promise - Anoop Patil
नवी मुंबई/ सान्वी देशपांडे : आज से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की औपचारिक शुरुआत हो गई। पहली उड़ान सुबह 8 बजे बेंगलुरु से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी, जबकि सुबह 8:45 बजे यहां से हैदराबाद के लिए पहली व्यावसायिक उड़ान रवाना हुई। इस ऐतिहासिक उड़ान से सैकड़ों यात्रियों ने सफर किया।
इस अवसर पर लोकनेता स्व. दीबा पाटिल के पौत्र अनूप पाटिल ने भी बेंगलुरु से नवी मुंबई तक की यात्रा की। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि नवी मुंबई की धरती पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत होना गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने याद दिलाया कि इस प्रकल्प के लिए प्रकल्पग्रस्तों ने अपनी जमीन दी, लेकिन उनकी प्रमुख मांग थी कि एयरपोर्ट का नाम लोकनेता दीबा पाटिल के नाम पर रखा जाए, जो अब तक पूरी नहीं हुई है।
अनूप पाटिल ने बताया कि एक दिन पहले स्वयं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भरोसा दिलाया था कि एयरपोर्ट को दीबा पाटिल का नाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के इंतजार और 10 वर्षों से चल रही नामकरण की मांग के बीच अब एयरपोर्ट शुरू हो चुका है। सरकार ने पहले उड़ान से पहले नाम देने का आश्वासन दिया था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह संभव नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्हें पूरा विश्वास है कि जल्द ही नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम दीबा पाटिल के नाम पर रखा जाएगा।



