Sach Pass पर सीजन की पहली बर्फबारी
First Snowfall of the Season at Sach Pass

शिमला/प्रतिनिधी : चंबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास पर सीजन की पहली बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। दो दिन पहले हुई भारी बर्फबारी के चलते पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर जमी मोटी बर्फ के कारण वाहनों की आवाजाही फिलहाल असंभव हो गई है। स्थिति को देखते हुए चुराह प्रशासन ने साच पास की ओर जाने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस मार्ग की ओर जाने का प्रयास न करें। बॉर्डर पुलिस को भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं ताकि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सके।
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए यह कदम जरूरी था।



