Indian नौसेना को मिली नई ताकत
Indian Navy Gets New Strength
विशेष/प्रतिनिधि : भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमता को और मजबूत करते हुए गोवा स्थित INS हंसा में नेवल एयर स्क्वाड्रन INAS 335 को आज औपचारिक रूप से कमीशन किया जाएगा। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह स्क्वाड्रन अत्याधुनिक MH-60R मल्टी-रोल हेलिकॉप्टरों से लैस है, जिन्हें समुद्री युद्ध अभियानों के लिए अत्यंत प्रभावी माना जाता है। ‘ओस्प्रेज़’ नाम से जाना जाने वाला यह स्क्वाड्रन समुद्री निगरानी, पनडुब्बी रोधी अभियान, खोज और बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), सतही युद्ध तथा विशेष अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में सक्षम होगा। इन हेलिकॉप्टरों में उन्नत सेंसर, हथियार प्रणाली और आधुनिक एवियोनिक्स लगे हैं, जो किसी भी समुद्री खतरे से निपटने में मदद करेंगे।
INAS 335 के कमीशन होने से भारतीय नौसेना की हवाई निगरानी और समुद्री सुरक्षा क्षमता को बड़ा बल मिलेगा और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक ताकत और अधिक सुदृढ़ होगी।



