
Gwalior में तानसेन समारोह का भव्य शुभारंभ
Grand Inauguration of Tansen Samaroh in Gwalior
विशेष/प्रतिनिधि : संगीतधानी ग्वालियर में आयोजित विश्वविख्यात तानसेन समारोह का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वर्चुअल मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पं. राजा काले (मुंबई) को वर्ष 2024 और विश्वप्रसिद्ध संतूर वादक पं. तरुण भट्टाचार्य (कोलकाता) को वर्ष 2025 के तानसेन अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं, मंडलेश्वर की साधना परमार्थिक संस्थान समिति को वर्ष 2024 तथा ग्वालियर की रागायन संगीत समिति को वर्ष 2025 के राजा मानसिंह तोमर सम्मान से विभूषित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी सम्मानित कलाकारों और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार कला और संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सांस्कृतिक अभ्युदय का नया दौर चल रहा है। संगीत सम्राट तानसेन की परंपरा को जीवंत बनाए रखने में तानसेन समारोह की अहम भूमिका है।



