Nitin नबीन बने बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
Nitin Naveen Appointed BJP National Working President
दिल्ली/प्रतिनिधि : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई दी है। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन ने पार्टी के एक कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी सशक्त पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नबीन एक युवा, ऊर्जावान और अनुभवशील नेता हैं, जिनके पास संगठनात्मक कार्यों का समृद्ध अनुभव है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि नितिन नबीन का बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में प्रभावशाली कार्यकाल रहा है और उन्होंने हमेशा जनता की आकांक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए काम किया है। उन्होंने नबीन को विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली वाला नेता बताया। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नबीन के नेतृत्व, अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उनके सफल और प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की।

