CIDCO के घर हुए सस्ते, आम आदमी को बड़ी राहत
CIDCO's Houses Are Cheap, Affordable for The Common Man
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : मुंबई और नवी मुंबई जैसे महानगरों में अपने घर का सपना देखना आम आदमी के लिए दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है। आसमान छूती प्रॉपर्टी की कीमतों के बीच सरकार की हाउसिंग योजनाएं ही लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनती हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। सरकार ने CIDCO द्वारा बनाए गए घरों की कीमतों में 10 प्रतिशत की कटौती करने का ऐलान किया है।
यह घोषणा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज (13 दिसंबर) नागपुर में चल रहे राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान विधान परिषद में की। उन्होंने कहा कि यह फैसला आम आदमी, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और कम आय वर्ग (LIG) को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस फैसले से CIDCO द्वारा नवी मुंबई के खारघर, वाशी, खारकोपर, तलोजा, उल्वे, कलंबोली, कामोठे और पनवेल इलाकों में बनाए गए करीब 17 हजार घरों की कीमतें कम हो जाएंगी। इन घरों के लिए लॉटरी प्रक्रिया अगले दो महीनों में पूरी की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि CIDCO के मकान MHADA की तुलना में महंगे होने के कारण कई लोग इन्हें खरीद नहीं पाते थे, लेकिन अब कीमतों में कटौती से हजारों परिवारों का घर खरीदने का सपना साकार होगा।