Rahul Gandhi 2026 तक हार का शतक पूरा करेंगे: अनुराग ठाकुर
Rahul Gandhi Will Complete a Century of Defeats by 2026: Anurag Thakur

दिल्ली/प्रतिनिधि : पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनावी सुधार प्रक्रिया और SIR के खिलाफ कांग्रेस के विरोध को “बेबुनियाद और राजनीतिक हताशा” करार दिया। ठाकुर ने कहा कि “राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अब तक 95 चुनाव हार चुकी है, और 2026 तक वे 100 चुनावी हार का रिकॉर्ड बनाएंगे।”
अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि भारत इस समय व्यापक सुधारों के दौर से गुजर रहा है और चुनाव सुधार भी उसी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में मोदी सरकार ने ब्रिटिश शासनकाल के हजारों पुराने कानून समाप्त कर लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए आधुनिक कानून लागू किए हैं। चुनाव आयोग भी मतदाताओं को अधिक अधिकार देने के लिए कई सुधार कर चुका है, जिनका विरोध नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लगातार ईवीएम, वीवीपैट और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद सवाल उठाती रही, लेकिन कभी आत्मचिंतन नहीं किया। ठाकुर ने कहा, “धूल चेहरे पर थी और आप आईना साफ करते रहे।” उन्होंने कहा कि हालिया बिहार चुनावों में किसी मतदाता ने वोट हटाए जाने की शिकायत नहीं की। चुनावी सुधारों का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाना है।



