IndiGo ने लौटाए 827 करोड़ रुपये
IndiGo returned Rupees 827 crore

विशेष/प्रतिनिधी : १ से ७ दिसंबर के बीच देश में हवाई यात्राओं को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके कारण इंडिगो एयरलाइंस की लगभग 6 लाख टिकटें रद्द करनी पड़ीं। कंपनी ने जानकारी दी कि प्रभावित यात्रियों को करीब 827 करोड़ रुपये वापस कर दिए गए हैं। इंडिगो ने सोमवार को करीब 1800 उड़ानें संचालित कीं, जिनमें से 91 प्रतिशत उड़ानें समय पर थीं। सामान की डिलीवरी को लेकर भी कंपनी ने अपडेट दिया है। इंडिगो के अनुसार, कुल 9 हजार बैगों में से लगभग साढ़े 4 हजार बैग यात्रियों के तय पते पर पहुंचा दिए गए हैं, जबकि शेष बैग अगले 36 घंटे के भीतर यात्रियों को सौंप दिए जाएंगे।
इस पूरे मामले पर सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। राज्यसभा में बोलते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि विमानन क्षेत्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उड़ानें रद्द होने के कारणों की जांच जारी है और जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री नायडू ने यह भी कहा कि देश को कम से कम पांच बड़ी विमानन कंपनियों की आवश्यकता है और मंत्रालय इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।



