
Robotic इनोवेशन में नवी मुंबई नंबर वन
Navi Mumbai Ranks First in Robotic Innovation
नवी मुंबई/प्रतिनिधी : सीवुड स्थित पोद्दार स्कूल के 7 प्रतिभाशाली छात्रों ने अपने रोबोटिक आविष्कार के दम पर नेशनल रोबोटिक लीग 2025 में पहला स्थान हासिल कर नवी मुंबई का नाम देशभर में रोशन किया है। मुंबई आईआईटी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 1000 छात्रों ने हिस्सा लिया था। 9वीं कक्षा के छात्रों—अहरसी मजुमदार, अनुश्रित पिंपले, अविष्कार लोटले, अर्जुन पाटिल, वर्चस्व ब्रियाणी और त्रिशा कर्नावट—द्वारा मिलकर बनाया गया यह इनोवेटिव रोबोट प्रतियोगिता में टॉप पर रहा। इस सफलता में उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका राधा येवले और प्रिंसिपल अंजना शाही का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने बच्चों को लगातार प्रेरित किया और हार न मानने की सीख दी।
पुरस्कार विजेताओं का सम्मान करने के लिए बीजेपी जिला महामंत्री दत्ता घंगाले और समाजसेविका अश्विनी घंगाले ने छात्रों से मुलाकात की और उनके आविष्कार की सराहना की। दत्ता घंगाले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी तकनीक के विज़न को ये बच्चे आगे बढ़ा रहे हैं, और ऐसे इनोवेशन का पार्टी हमेशा समर्थन करेगी। छात्रों ने बताया कि शुरुआती संचालन में उन्हें कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीमवर्क और निरंतर प्रयासों से उन्होंने रोबोट को सफलतापूर्वक तैयार किया, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जीत मिली।



