Operational संकट पर इंडिगो की माफ़ी
Indigo's Apology For Operational Crisis

विशेष/प्रतिनिधी : इंडिगो एयरलाइंस ने हाल ही में उत्पन्न हुए गंभीर ऑपरेशनल संकट पर यात्रियों से औपचारिक माफ़ी मांगते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की हैं। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि सिस्टम को रीबूट करने के लिए आज सर्वाधिक उड़ानें रद्द की जाएंगी। कंपनी का कहना है कि 6 दिसंबर से चरणबद्ध तरीके से सामान्य संचालन की दिशा में सुधार शुरू किया जाएगा।
इंडिगो ने यात्रियों को राहत देते हुए ऐलान किया कि सभी रद्द उड़ानों का पूरा रिफंड उसी भुगतान माध्यम में वापस किया जाएगा, जिससे टिकट बुक की गई थी। इसके साथ ही 5 से 15 दिसंबर 2025 के बीच की सभी बुकिंग पर कैंसिलेशन और रीशेड्यूलिंग शुल्क पूरी तरह माफ़ कर दिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि वह सिविल एविएशन मंत्रालय और DGCA के साथ मिलकर स्थिति को सामान्य करने पर तेजी से काम कर रही है।
यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए इंडिगो ने देशभर में होटल कमरे, भोजन, परिवहन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाउंज एक्सेस की सुविधा उपलब्ध कराई है। कंपनी ने अपील की है कि जिन यात्रियों की उड़ान रद्द है, वे एयरपोर्ट न आएं और उड़ान की स्थिति ऑनलाइन चेक करते रहें। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि संचालन जल्द पटरी पर लौट आएंगे और सभी अपडेट लगातार जारी रहेंगे।



