India-रूस संबंधों में आएगी नई गति
There Will Be a New Momentum in India-Russia Relations

दिल्ली/प्रतिनिधी : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस समय भारत के दौरे पर हैं और उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है। भारत आगमन से पहले एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत को पीएम मोदी के रूप में एक सशक्त और निर्णायक नेतृत्व मिला है, जो किसी भी बाहरी दबाव में नहीं झुकता।
पुतिन ने भारत को ग्रेट पावर बताते हुए कहा कि वैश्विक राजनीति में भारत की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपने संबंधों को बेहद खास बताया और कहा कि भारत-रूस की दोस्ती दशकों पुरानी है, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहा है।
साक्षात्कार के दौरान पुतिन ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख की प्रशंसा की और रूस की पूरी एकजुटता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उनका यह दौरा भारत-रूस संबंधों में नए आयाम जोड़ने का काम करेगा और दोनों देश मिलकर वैश्विक स्थिरता में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।



