Lifeless गेंदबाज़ी और ढीली फील्डिंग ने भारत को दी करारी हार
Lifeless Bowling and Sloppy Fielding Cost India a Crushing Defeat

स्पोर्ट्स/सान्वी देशपांडे : रायपुर वनडे में टीम इंडिया को एक और निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। भारत ने विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के दमदार शतकों की बदौलत 358 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने इस लक्ष्य का पीछा ऐसे किया मानो यह कोई बड़ी चुनौती थी ही नहीं। मेहमान टीम ने 359 रन बड़े आराम से बना लिए और भारत को 4 विकेट से मात दी।
भारतीय गेंदबाज़ी पूरे मैच में पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई। न रफ्तार दिखी, न धार, और न ही ऐसा कोई स्पेल जिसमें लगा हो कि मैच पलट सकता है। पेस अटैक में बुमराह, सिराज और शमी की गैर-मौजूदगी साफ महसूस हुई। गेंदबाज लगातार एक ही लाइन-लेंथ पर संघर्ष करते रहे और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज़ आसानी से रन बटोरते रहे।
स्थिति को और खराब कर दिया भारतीय फील्डिंग ने। कैच छूटे, रन रोकने में ढील रही और दबाव बनाने की हर कोशिश नाकाम साबित हुई। कई मौके हाथ से जाने के बाद दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज़ों का आत्मविश्वास बढ़ता गया और भारतीय टीम पूरी तरह मैच से बाहर होती चली गई।इस हार ने एक बार फिर भारत की गेंदबाज़ी और फील्डिंग की कमजोरियों को उजागर कर दिया है और आगामी मुकाबलों से पहले टीम के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।भारतीय गेंदबाज़ी की यह ढील दक्षिण अफ्रीका के लिए वरदान साबित हुई, जिसने बड़े लक्ष्य को आसानी से हासिल कर भारत को मात दी। इस हार के बाद टीम इंडिया की गेंदबाज़ी और फील्डिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।



