Indore में आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य गीता भवन का लोकार्पण
Grand Geeta Bhawan with modern facilities inaugurated in Indore

इंदौर; प्रतिनिधि: इंदौर में आज अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव और गीता जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के पहले अत्याधुनिक गीता भवन का लोकार्पण किया। यह भवन इंदौर के ऐतिहासिक गोपाल मंदिर परिसर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित किया गया है, जो परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर पर ऐसे गीता भवन स्थापित किए जाएंगे, ताकि धार्मिक और सांस्कृतिक अध्ययन को बढ़ावा मिले। लोकार्पण कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
नया गीता भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें 550 सीटों वाला भव्य सभागार, 50-सीटर रीडिंग हॉल और 1200 से अधिक पुस्तकों वाली डिजिटल लाइब्रेरी शामिल है। यहां सांस्कृतिक प्रदर्शनी कक्ष भी विकसित किए गए हैं, जो नागरिकों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण चरित मानस और अमृतस्य अवंतिका पुस्तकों का विमोचन किया तथा लेखक रामेश्वर लखनलाल पाटीदार को ₹5 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गीता मनुष्य को आत्मबल, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।



