
Agroli: तालाब के सूखने का खतरा, तेजी से घट रहा जलस्तर
Agroli / Pond at Risk of Drying Up, Water Level Rapidly Decreasing
नवी मुंबई ; प्रतिनिधि: मानसून खत्म हुए अभी एक महीना भी नहीं हुआ और आग्रोली तालाब का जलस्तर आधे से सवा फुट तक गिर चुका है। पिछले सात दिनों में तेज़ी से पानी कम होने पर नागरिकों ने गंभीर चिंता जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यही स्थिति जारी रही तो फरवरी तक तालाब सूख सकता है, जिससे मछलियों, कछुओं व अन्य जलीय जीवों पर बड़ा खतरा मंडरेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्क होटल–कोकण भवन सर्कल क्षेत्र में चल रही गहरी सड़क खोदाई इस रिसाव का कारण हो सकती है। यूटिलिटी डक्ट और केबल ट्रेंच के लिए हो रही खुदाई तालाब के जलस्तर से 1–1.5 मीटर नीचे तक पहुंच चुकी है, जिससे भूजल स्तर प्रभावित होने की आशंका है।
पालिका का कहना है कि यह कार्य IIT अनुमोदन के साथ हो रहा है, लेकिन नागरिकों का आरोप है कि जांच सिर्फ कागज़ों में सीमित है और कोई जमीनी निरीक्षण नहीं हुआ।
कई करदाता तंज कसते हुए कहते हैं—
“पालिका की तिजोरी में तो रिसाव था ही… अब तालाब में भी दिख रहा है!”
नागरिकों की मांग:
तालाब में संभावित रिसाव की तत्काल जांच
सड़क खोदाई की स्वतंत्र IIT विशेषज्ञों से जांच
आवश्यकता होने पर जियो-टेक्निकल व हाइड्रोलिक सर्वे
तालाब की जैवविविधता संरक्षण के लिए त्वरित कदम
स्थानीय प्रतिक्रिया:
आग्रोली तालाब इस क्षेत्र की जीवनरेखा है। समय रहते उपाय न हुए तो नुकसान भरपाई से परे होगा।— श्री भिमराव जामखंडीकर



