
Protest: खारघर में पानी के लिए जनता का जोरदार आंदोलन
Kharghar Residents Stage Massive Demonstration Demanding Water
खारघर (नवी मुंबई): बहुमंजिली इमारतों के शहर खारघर में पीने के पानी की गंभीर किल्लत ने नागरिकों को सड़कों पर ला दिया। सिडको के घटिया जलापूर्ति नियोजन के कारण खारघर के कई कॉलोनियों समेत अधिकांश क्षेत्रों में पानी की भारी कमी देखी जा रही है। त्यौहारों के मौसम में भी अपेक्षित पानी की सप्लाई नहीं होने से स्थानीय नागरिक आक्रोशित हैं।
आज खारघर की जनता ने सेक्टर 34 और सिडको कार्यालय के सामने हंडा मोर्चा निकालकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और जलापूर्ति में सुधार की मांग की। इस जनमोर्चा का नेतृत्व पूर्व नगरसेवक हरेश केणी ने किया। कांग्रेस के पनवेल जिलाध्यक्ष सुदाम पाटिल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
हरेश केणी ने कहा कि विकास और नंबर-वन सुविधाओं का दावा करने वाली सिडको और पनवेल महानगरपालिका जनता को पानी के लिए तरसा रही हैं। लगातार शिकायतों और मांगों के बावजूद अधिकारी नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सिडको ने समस्या का समाधान नहीं किया तो और भी बड़े और आक्रामक प्रदर्शन किए जाएंगे।
खारघर और तलोजा फेज़ 1 और 2 के नागरिकों ने सिडको अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पानी की कमी का मुख्य कारण नई निर्माण परियोजनाओं और टाउनशिप में पानी का स्थानांतरण है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों द्वारा टैंकर माफियाओं को मदद प्रदान की जा रही है। उन्होंने इस मामले में अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और क्रिमिनल केस दर्ज करने की मांग की।
सिडको अधिकारियों ने इस समस्या का कारण मुख्य जल स्रोत से कम पानी आने को बताया, जबकि नागरिकों ने प्रशासन पर पानी की असमान वितरण नीति और अनियंत्रित प्रबंधन का आरोप लगाया। यह विरोध प्रदर्शन खारघर में बढ़ती जनता की असंतोष और जलापूर्ति सुधार की मांग को उजागर करता है।



