श्रीलंका की प्रधानमंत्री भारत पहुंचीं, साझा कार्यक्रमों में करेंगी शिरकत
Sri Lankan PM Arrives in India, Spotlight on Bilateral Cooperation

नई दिल्ली/प्रतिनिधि : श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या आज से भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री अमरसूर्या आज सुबह अपनी पहली यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं और वह 18 अक्टूबर तक भारत में रहेंगी। उनके इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशना है।यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री अमरसूर्या भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं से मुलाकात करेंगी। बैठक में प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा, नवाचार, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।श्रीलंका की पीएम अपने दौरे के दौरान IIT दिल्ली और नीति आयोग का दौरा करेंगी, जहाँ वह शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री अमरसूर्या दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज की प्रतिष्ठित पूर्व छात्रा होने के नाते अपने संस्थान का दौरा भी करेंगी। इस दौरे में शिक्षा, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच साझेदारी को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि श्रीलंका की प्रधानमंत्री की यह भारत यात्रा न सिर्फ राजनयिक और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करेगी, बल्कि शिक्षा और तकनीकी सहयोग के नए आयाम खोलने में भी मदद करेगी। उनके दौरे से भारत-श्रीलंका के बीच साझेदारी और विश्वास और गहरा होने की संभावना है, जो दोनों देशों के भविष्य के सहयोग के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।



