फूड फ्रॉड का पर्दाफाश: अमरोहा में कैमिकल से बनता मिला नकली पनीर!
Amroha Shock: Chemical-Laced Fake Cheese Factory Busted!

नई दिल्ली/प्रतिनिधि: अमरोहा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली पनीर बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री गजरौला क्षेत्र के मोहरका पट्टी गांव के जंगल में संचालित की जा रही थी, जहाँ बेहद खतरनाक रासायनिक पदार्थ मैग्नीशियम सिलीकेट की मदद से पनीर तैयार किया जा रहा था। यह रसायन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक माना जाता है।छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में नकली पनीर और उपकरण बरामद हुए। मौके से करीब 4 क्विंटल 50 किलो सिंथेटिक पनीर जब्त किया गया, जबकि शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस और अनुमति के संचालित हो रही थी। टीम के पहुंचते ही फैक्ट्री में मौजूद सभी लोग मौके से फरार हो गए।
खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि इस घिनौने खाद्य अपराध में शामिल दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दीपावली के मद्देनज़र मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए विशेष छापेमारी अभियान जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो।



