भारत ने जीते 22 पदक, हासिल किया 10वां स्थान; डॉ. मांडविया ने कहा – पैरा-एथलीट ही नए भारत का चेहरा
India Shines with 22 Medals, 10th Place Finish — Para-Athletes Represent New India’s Strength: Dr. Mandaviya

नई दिल्ली/प्रतिनिधि:
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले भारतीय पैरा एथलीटों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों की असाधारण भावना, दृढ़ संकल्प और रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
डॉ. मांडविया ने कहा, “आप सिर्फ पैरा एथलीट नहीं, बल्कि भारत के पावर एथलीट हैं। आपने दिव्यांगता को दृढ़ संकल्प में बदल दिया है। साहस की यह नई परिभाषा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “ये पदक केवल धातु नहीं, बल्कि आपकी अटूट इच्छाशक्ति और जज़्बे का प्रतीक हैं। आपने साबित किया है कि जब हौसला मजबूत हो, तो व्हीलचेयर भी पंख बन जाती है।”
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके समर्पण को ‘नए भारत की प्रेरक कहानी’ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।



