CM फडणवीस का तीखा हमला: ‘सामाजिक एकता से खिलवाड़ नहीं सहेगा महाराष्ट्र’
CM Fadnavis's scathing attack: 'Maharashtra will not tolerate any tampering with social unity'
मुंबई/प्रतिनिधि: मराठा आरक्षण को लेकर मुंबई में चल रहे आंदोलन के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 29 अगस्त को एक सख्त और स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि, “कुछ लोग जानबूझकर ओबीसी और मराठा समाज को आमने-सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन आंदोलन पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश मत कीजिए, वरना आपका मुंह जल जाएगा।” विपक्ष को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और मराठा समाज के साथ सकारात्मक संवाद बनाए हुए है।
मनोज जरांगे पाटील के उपोषण पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री ने मराठा आरक्षण की माँग को लेकर चल रहे उपोषण का जिक्र करते हुए कहा,
“आज सुबह मनोज जरांगे पाटील उपोषण पर बैठे हैं। उन्होंने सभी से शांतिपूर्वक आंदोलन में सहयोग करने का आग्रह किया है। सरकार की भूमिका भी सहयोग की ही है। लोकतंत्र में विरोध का स्थान है, लेकिन वह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर होना चाहिए।” उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर रास्ता रोको जैसे मामूली घटनाएं हुईं, लेकिन पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति नियंत्रण में रही।
आंदोलन की अवधि बढ़ेगी?
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आंदोलन को लेकर उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए ही प्रशासन कोई निर्णय ले सकता है।
“प्रशासन और पुलिस उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्णय लेंगे। सरकार की ओर से किसी तरह की अड़चन नहीं डाली जा रही है। आंदोलनकारियों ने फिर से अनुमति मांगी है और उस पर भी कानून के दायरे में सकारात्मक विचार किया जाएगा।”
मात्र आश्वासन से काम नहीं चलेगा, कानूनी हल ज़रूरी
फडणवीस ने कहा कि मराठा समाज की माँगों को लेकर सरकार सिर्फ वादे नहीं कर रही, बल्कि ठोस कदम उठा रही है।
“हमने एक कैबिनेट उपसमिति बनाई है जो इस मुद्दे पर विस्तार से विचार कर रही है। संविधानिक और न्यायिक सीमाओं के भीतर रहकर जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा।”
मराठा समाज के लिए सरकार ने अब तक क्या किया?
मुख्यमंत्री ने बताया कि मराठा समाज के कल्याण के लिए यूती सरकार के कार्यकाल में कई कदम उठाए गए:
- आरक्षण लागू किया गया (जो कोर्ट द्वारा रद्द नहीं किया गया)
- SARTHI संस्था की स्थापना
- अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडळ के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा
- पंजाबराव देशमुख निर्वाह भत्ता, विद्यार्थियों के लिए विदेशी अध्ययन योजना
उन्होंने दावा किया कि इन सभी योजनाओं का श्रेय वर्तमान सरकार को जाता है और मराठा समाज के प्रति सरकार की सोच पूरी तरह सकारात्मक है।
“समाज को लड़ाने की कोशिश न करें” – विपक्ष को सीधी चेतावनी
मुख्यमंत्री फडणवीस ने विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए कहा:
“कुछ लोग जानबूझकर दो समाजों में फूट डालने का प्रयास कर रहे हैं — ओबीसी और मराठा समाज को आमने-सामने लाया जा रहा है। लेकिन यह सरकार कभी किसी समाज को दूसरे के खिलाफ खड़ा नहीं करेगी। हमने हमेशा सर्वसमावेशक निर्णय लेने की नीति अपनाई है।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछली बार सरकार ने 10% आरक्षण दिया था, और उसके अनुसार भर्ती भी हुई थी।
“उस आरक्षण को कोर्ट ने खारिज नहीं किया। इसीलिए यह कहना कि मराठा समाज को आरक्षण नहीं है, यह गलत है। मराठा समाज को आज भी आरक्षण प्राप्त है।” मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा, “कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के अनुसार भूमिका बदलते हैं। हमने देखा है कि इन सभी दलों ने पहले सर्वदलीय बैठक में सहमति जताई थी और पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। अब वही दल जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। यह उचित नहीं है।” “हमें किसी से राजनीतिक लाभ नहीं चाहिए,” फडणवीस ने स्पष्ट कहा। “हमारी सरकार को हर समाज ने चुना है, और हमारी जिम्मेदारी है कि हम सभी समाजों की न्यायसंगत माँगों को पूरा करें।” मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार लगातार संपर्क में हैं और मामले का समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं। “हम नहीं चाहते कि दो समाज आमने-सामने खड़े हों। हमारा उद्देश्य है कि दोनों – ओबीसी समाज और मराठा समाज – को न्याय मिले।” मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के वक्तव्य से यह स्पष्ट होता है कि सरकार मराठा आरक्षण के मुद्दे पर गंभीर है, लेकिन किसी भी प्रकार का राजनीतिक दुरुपयोग या समाजों के बीच तनाव को बर्दाश्त नहीं करेगी।




