CBSE अब साल में दो बार कराएगा 10वीं बोर्ड एग्जाम, अप्रैल-जून में आएंगे नतीजे
CBSE will now conduct 10th exam twice a year, results will be declared in April-June

नई दिल्लीः सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं साल 2026 से साल में दो बार होंगी. नतीजे अप्रैल और जून में जारी किए जाएंगे. यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने दी है. उन्होंने बताया कि सीबीएसई अब साल में दो बार बोर्ड की परीक्षाएं लेगा. पहले चरण में परीक्षा फरवरी में और दूसरे चरण में मई में आयोजित की जाएगी. सीबीएसई से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 10 के छात्रों के लिए पहले चरण की बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा. जबकि दूसरे चरण में शामिल होना वैकल्पिक रहेगा. आंतरिक मूल्यांकन केवल एक बार किया जाएगा. इस फैसले के बाद छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका मिल पाएगा. यदि किसी छात्र के अंक पहले चरण में कम रह जाते हैं, तो वह दूसरे चरण में अच्छा प्रदर्शन करके सुधार कर सकेगा.
NEP 2020 में दिया गया है सुझाव
सीबीएसई ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने के मानदंडों को मंजूरी दे दी है. इसका सुझाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में दिया गया है.
शीतकालीन सत्र के छात्रों को मिलेगी ये छूट
सीबीएसई की ओर से स्वीकृत मानदंडों के अनुसार, शीतकालीन सत्र में भाग लेने वाले स्कूलों के 10वीं के छात्र किसी भी चरण की बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र के दौरान आंतरिक मूल्यांकन सिर्फ एक बार किया जाएगा. बता दें कि सीबीएसई ने फरवरी में मसौदा मानदंडों की घोषणा की थी. बाद में इनपर हितधारकों की प्रतिक्रिया के लिए इसे सार्वजनिक डोमेन में रखा गया था.
तीन विषयों में मिल सकेगा सुधार का मौका
छात्रों को विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा जैसे मुख्य विषयों में से किसी भी तीन विषयों में नंबर सुधारने का विकल्प मिलेगा. इसका मतलब यह है कि छात्र केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा दोबारा देंगे, जिनमें वे अपनी पहली कोशिश से संतुष्ट नहीं हैं.



