Spice Market Crackdown: NMMC ने काटी मसाला मंडी की लाइट, व्यापारी बोले-जंगलराज बंद करो
NMMC Cuts Power & Water in Spice market , Traders Cry Foul: Kirti Bhai Rana
नवी मुंबई, सुमित गायकवाड़/ महानगर पालिका (NMMC) ने वाशी एपीएमसी की मसाला मंडी की बिजली सप्लाई काट दी है. 19जून की शाम मनपा अधिकारियों ने यह कहकर विद्युत आपूर्ति को खंडित करा दिया कि मसाला मंडी की सेंट्रल फैसिलिटी बिल्डिंग जर्जर हो गई है और मानसून में उसके गिरने की संभावना बढ़ गई है. सी श्रेणी की इस बिल्डिंग में कारोबार करने पर प्रतिबंध है. हालांकि मसाला मंडी के व्यापारी इसे पक्षपातपूर्ण एवं मनमानी कार्रवाई करार दे रहे हैं. व्यापारी संगठनों का कहना है कि वैकल्पिक इंतजाम किए बिना ही मनपा ने बिल्डिंग का लाइट पानी कनेक्शन काट दिया जो सरासर मनमानी और जंगलराज का प्रतीक है. आज मनपा की इस कार्रवाई पर मसाला मार्केट के पूर्व संचालक और नवी मुंबई मर्चेंट चेंबर के अध्यक्ष कीर्तिभाई राणा ने सवाल उठाते हुए पूछा कि एपीएमसी ने अपना एडमिन आफिस कंटेनर में बना रखा है, जो अवैध है लेकिन वहां बिजली पानी सब बहाल है, आखिर क्यों, व्यापारी अपने गाले में बैठकर धंधा करें तो वह अवैध है.
APMC कंटेनर ऑफिस में बिजली, व्यापारियों के यहां कटौती, क्यों
कीर्तिभाई राणा ने बिल्डिंग के मंदिर, पोस्ट आफिस समेत तमाम सुविधाओं को दिखाते हुए कहा कि इनके लिए कोई भी व्यवस्था किए बिना ही महानगर पालिका ने लाइट पानी काट दिया है. आखिर यह सुविधाएँ कैसे चलेगी. और खुद अपना आफिस कंटेनर में एसी के साथ चला रहे हैं जो पूरी तरह अवैध है. व्यापारी नेता ने पूछा कि जब एपीएमसी का सब कुछ चल सकता है तब व्यापारी अपना कारोबार क्यों नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि एपीएमसी में दोहरा कानून नहीं चलेगा, यह संविधान का अपमान है. महानगर पालिका बिना किसी वैकल्पिक इंतजाम के व्यापारियों की रोजी रोटी कैसे छीन सकती है. हमें काम करने से कैसे रोक सकती है . कीर्तिभाई राणा ने कहा कि वे भी चाहते हैं कि मसाला मंडी का पुनर्विकास हो लेकिन उसके लिए जरूरी पहल होना चाहिए. व्यापारियों का हित कायम रहना चाहिए. वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए लेकिन उससे पहले ही लाइट पानी काटकर व्यापारियों को बारिश में सड़क पर लाने का मतलब जंगल राज नहीं तो क्या है. यह रुकना चाहिए.



