Ahilyadevi Holkar Jaynti : राजमाता अहिल्यादेवी होल्कर की जयंती पर सागर मदने का अनूठा व्याख्यान
Ahilyadevi Holkar Jaynti : Sagar Madne's unique lecture on the birth anniversary
नवी मुंबई/ प्रतिनिधिः लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज सानपाड़ा में भव्य त्रिशताब्दी जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम से पहले सांस्कृतिक शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया. केमिस्ट भवन में आयोजित इस जयंती कार्यक्रम में धनगर समाज के समाजसेवक अशोक दाजी जंगले, उपजिलाधिकारी ज्योति हिंदुराव कांबले, एवं पुलिस नीरिक्षक सुभाष शंकर पुजारी को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर शिवसेना उपनेता विजय नाहटा, डॉ.केशव काले, मनपा अभियंता संजय खताल, पद्मा के अध्यक्ष डॉ.अरुण गावड़े खास तौर पर मौजूद रहे. शिवसेना के उपजिलाप्रमुख मिलिंद सुर्यराव एवं राजमाता अहिल्यादेवी होलकर प्रतिष्ठान के सौजन्य से इस त्रिशताब्दी जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया था. यहां प्रतिष्ठान के उपाध्यक्ष पांडुरंग गावडे, सचिव शशिकांत गोरड, कार्याध्यक्ष देवाप्पा लवटे एवं सहसचिव श्रीकांत सरक समेत शिवसेना के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
अहिल्यादेवी ने कैसे कराया कश्मीर से कन्याकुमारी तक मंदिरों का जीर्णोद्धार
जयंती कार्यक्रम में मशहूर व्याख्याता सागर मदने ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर के व्यक्तित्व एवं कार्यों का गुणगान करते हुए उनके ऐतिहासिक योगदानों को रेखांकित किया. सागर मदने ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक धार्मिक और सामाजिक उत्थान के लिए जो कार्य किए, ऐसा इतिहास में किसी और के नाम नहीं मिलता. व्याख्याता सागर मदने ने आयोजन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इससे नई पीढ़ी को अहिल्यादेवी होल्कर के व्यक्तित्व और योगदानों को समझन में मदद मिलेगी. वहीं शिवसेना उपनेता विजय नाहटा ने अहिल्यादेवी होलकर का अभिवादन करते हुए उपजिलाप्रमुख मिलिंद सुर्यराव की सराहना की.उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम इतिहास से जोड़ते हैं और समाज को नयी दिशा देते हैं.


