Disha Salian Case: HC में याचिका, आदित्य ठाकरे की बढ़ी मुश्किलें
Disha Salian Case: Petition in HC, Aditya Thackeray's troubles increase
मुंबई/ एक्ट्रेस दिशा सालियान की मौत को साजिश और हत्या बताते हुए उनके पिता ने बांबे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की है. मुंबई हाइकोर्ट में दाखिल याचिका में दिशा सालियान के पिता ने कई गंभीर मुद्दों की ओर इशारा करते हुए इसे राजनीतिक हत्या करार दिया है और मामले की जांच मुंबई पुलिस की बजाय सीबीआई से कराने की मांग की है. याचिका में दलील है कि दिशा सालियान की मौत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में हुई है, उस दौरान पुलिस अफसरों ने दिशा की मौत की जांच को गंभीरता से नहीं लिया और उसमें कई पहलू छुपाए गए. आरोप है कि इस मामले में कई ऐसे पहलू हैं जो राजनीतिक वर्चस्व के चलते छुपाए गए ताकि सच सामने ना आ पाए, इसलिए केस की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की जरूरत है. इस मामले में तत्कालीन मंत्री आदित्य ठाकरे और उनसे जुड़े कुछ लोगों का नाम भी सामने आया था. तबसे यह मुद्दा लगातार सुर्खियों में बना रहा. जाहिर है नई याचिका से शिवसेना उबाठा के युवानेता आदित्य ठाकरे की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती दिख रही हैं.
आदित्य ठाकरे इस्तीफा दो- मंत्री नितेश राणे की मांग
बीजेपी के मंत्री नितेश राणे ने दिशा सालियान के पिता द्वारा हाईकोर्ट में दायर याचिका पर टिप्पणी करते हुए आज आदित्य ठाकरे पर जोरदार हमला बोला. नितेश राणे ने कहा कि दिशा सालियान की सामूहिक रेप के बाद हत्या कर दी गयी. दिशा की मौत रहस्यमय रही है इसमें आदित्य ठाकरे की भूमिका संदिग्ध है. उस दौरान उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे जिन्होंने अपने बेटे को बचाने के लिए मामले पर लीपापोती की. नितेश राणे ने कहा कि आदित्य ठाकरे विधायक हैं और उन्हें नैतिक तौर पर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. फिलहाल दिशा सालियान के पिता द्वारा सीबीआई जांच की मांग के बाद महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमा गयी है.



