मराठी पत्रकार दिवस पर बालशास्त्री जांभेकर को श्रद्धांजलि
Tribute to Balshastri Jambhekar on Marathi Journalist Day
नवी मुंबई : Marathi Press Day | मराठी पत्रकार दिवस पर बालशास्त्री जांभेकर को श्रद्धांजलि नवी मुंबई महानगर पालिका प्रेस कक्ष में आज मराठी पत्रकारिता के जनक आचार्य बालशास्त्री जांभेकर की 193वीं जयंती मनायी गई. 6 जनवरी 1832 को जन्मे बालशास्त्री जांभेकर ने अंग्रेजों के दौर में मराठी पत्रकारिता के जरिए देशवासियों को जगाने का काम किया. उनकी स्मृति में ही 6 जनवरी को मराठी पत्रकारिता दिवस के रुप में मनाया जाता है. मनपा प्रेस कार्यालय में आयोजित इस सादे कार्यक्रम में एनएममसी आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे, उपायुक्त सुनिल पवार, जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र कोंडे समेत तमाम उच्चाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मीडिया कर्मी मौजूद रहे. यहां बालशास्त्री जांभेकर की निर्भीक पत्रकारिता को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विश्वरथ नायर, विनय म्हात्रे, अशोक शेश्वरे, विनायक पाटिल, स्वाति नाईक, राजीव मोहन मिश्रा, टीवी वन इंडिया के एडिटर सुधीर शर्मा, दत्तात्रय सुर्यवंशी समेत पत्रकार संगठनों के कई प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे. कई पत्रकारों ने सोशल मीडिया के दौर में चुनौती पुर्ण हो रही पत्रकारिता का उल्लेख करते हुए जरूरी पहल पर ध्यान दिलाया. साथ ही महानगर पालिका के प्रेस रुम में मौलिक सुविधाओं को बहाल करने, लायब्रेरी और रेस्ट रुम बनाने एवं सिडको निर्मित पत्रकार भवन को मनपा द्वारा संचालित करने की मांग की. इस पर मनपा आयुक्त डॉ.कैलास शिंदे ने सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करने और तत्संबंधी निर्णय लेने का निर्देश दिया. बालशास्त्री जांभेकर को श्रद्धांजलि देते हुए आयुक्त कैलास शिंदे ने सभी पत्रकारों को नए युग के नवाचारों के साथ खुद को उपयोगी बनाए रखने का सुझाव दिया.उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर पर हर नागरिक पत्रकार बन गया है इसलिए लिए ऐसा प्रयास होना चाहिए ताकि मौलिक पत्रकारों की उपयोगिता कायम रहे.



