Trending

FTA के जरिए बढ़ेगा छत्तीसगढ़ का निर्यात, रायपुर में विशेष कार्यशाला

Chhattisgarh's exports to get a boost through FTAs; special workshop held in Raipur.

छत्तीसगढ़, रायपुर:  छत्तीसगढ़ के निर्यातकों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के वाणिज्य विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से 12 नवंबर 2026 को रायपुर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में सुबह 10:30 बजे से आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना (Leveraging Free Trade Agreements – FTAs)’ रखा गया है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत उपलब्ध व्यापारिक अवसरों की जानकारी देना है। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने और निर्यात कारोबार को विस्तार देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

पांच प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर विशेष फोकस

कार्यशाला में यूनाइटेड किंगडम (UK), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में उपलब्ध व्यापारिक संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। मुक्त व्यापार समझौतों के तहत पात्र भारतीय उत्पादों को संबंधित बाजारों में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उनकी पहुंच मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

कार्यशाला में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के लिए विशेष ब्रेकआउट सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, निर्यात के अवसरों, उत्पत्ति के नियम (Rules of Origin), गैर-शुल्क बाधाओं (Non-Tariff Barriers) और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े महत्वपूर्ण व्यापारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इन सत्रों के माध्यम से निर्यातकों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि वे संबंधित देशों के बाजारों की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने उत्पादों को कैसे तैयार करें और FTA के प्रावधानों का प्रभावी उपयोग कैसे कर सकते हैं।

कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) तथा छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति अपेक्षित है। इस पहल को छत्तीसगढ़ के उद्योगों, छोटे एवं मध्यम उद्यमों और संभावित निर्यातकों को वैश्विक व्यापार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker