राष्ट्रपति मुर्मू आज पहुंचेंगी जगदलपुर, दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा
President Murmu will reach Jagdalpur today, will perform pooja at Danteshwari temple.

छत्तीसगढ़, जगदलपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आज 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 10:30 बजे मां दंतेश्वरी विमानतल, जगदलपुर पहुंचेंगी। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार और सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। सुरक्षा के मद्देनजर चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों को नो-ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन वाले मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रवास का पहला दिन
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के पहले दिन रायपुर में सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया।
राष्ट्रपति का यह बस्तर दौरा क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और आदिवासी विरासत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



