Trending

हैंडओवर से पहले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का होगा थर्ड पार्टी ऑडिट

Handover se pelehi sports complex ka hoga third party audit.

मध्य प्रदेश, भोपाल: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को टीटी नगर स्थित संचालनालय में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भोपाल के हैंडओवर और महिला हॉकी एशियन चेंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी सत्यापन, मूलभूत सुविधाओं, उपकरणों की खरीदी और परिसर के संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री श्री सारंग ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हैंडओवर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हस्तांतरण से पहले निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का पूरी तरह सत्यापन किया जाना चाहिए।

गुणवत्ता जांच के बाद ही हैंडओवर

मंत्री श्री सारंग ने स्पष्ट किया कि किसी भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर का हैंडओवर केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है। परिसर में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुरूप विश्वस्तरीय सुविधाएं और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता की जांच के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए। ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर सामने आने वाली कमियों की समीक्षा कर उनके निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लंबित कार्यों की बनेगी चरणबद्ध कार्ययोजना

मंत्री ने कहा कि हैंडओवर से पहले तकनीकी सत्यापन अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। मरम्मत या सुधार योग्य कार्यों की विस्तृत सूची तैयार कर उनके निराकरण के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि परिसर का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके और खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

महिला हॉकी एशियन चेंपियनशिप की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक में महिला हॉकी एशियन चेंपियनशिप की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री श्री सारंग ने आयोजन से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker