Trending

सोलन में 13 से 15 अक्टूबर तक लगेंगे सूर्य घर योजना के शिविर

'Surya Ghar Yojana' camps to be held in Solan from October 13 to 15.

सोलन:  प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सोलन में 13 से 15 अक्टूबर, 2026 तक जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर ‘सेवा सेतु’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ ही पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, सोलन के विद्युत उपमंडल-2 के सहायक अधिशाषी अभियंता विपुल कश्यप ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है। शिविर में योजना के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय सहायता एवं सब्सिडी और घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही लोगों को नेट मीटरिंग की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

विपुल कश्यप ने बताया कि शिविर में योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र लोगों का पंजीकरण भी किया जाएगा, ताकि वे योजना से जुड़कर अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया को समझ सकें। इसके अलावा, लोगों को पंजीकृत रूफटॉप सोलर विक्रेताओं से जोड़ने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। बैंकों के साथ समन्वय के माध्यम से इच्छुक लोगों को सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए उपलब्ध ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ये जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर 13 से 15 अक्टूबर, 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सहायक अभियंता कार्यालय, कौशल विकास केंद्र, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, सोलन में आयोजित किए जाएंगे।

सहायक अधिशाषी अभियंता विपुल कश्यप ने सोलन के निवासियों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लोग योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी और रूफटॉप सोलर स्थापना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा योजना का लाभ उठाने की दिशा में आवश्यक कदम उठा सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker