यूपी: बलरामपुर में सीएम योगी ने बांटे स्टडी टेबल, किया कन्या पूजन
UP: CM Yogi distributes study tables and performs Kanya Pujan in Balrampur.

बलरामपुर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर दौरे के दूसरे दिन ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के तहत विद्यार्थियों को स्टडी टेबल और आशीर्वाद-पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने समाज में नारी शक्ति के योगदान, बेसिक शिक्षा में हुए सुधारों और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर भी अपनी बात रखी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटी, बहन और हर महिला की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।
शारदीय नवरात्रि पर मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में किए दर्शन
बलरामपुर दौरे के दौरान शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गौशाला में पहुंचकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने नवरात्रि की परंपरा का निर्वहन करते हुए कन्या पूजन भी किया। उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे और विधि-विधान से उनका पूजन किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल की कामना की।
नवरात्रि पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं, शारदीय नवरात्रि के पहले दिन उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। अयोध्या के देवकाली मंदिर, गोरखपुर के काली मंदिर, प्रयागराज के अलोप शंकरी देवी मंदिर, फिरोजाबाद के कैला देवी मंदिर और लखनऊ के चंद्रिका देवी मंदिर में सुबह से ही भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने लगे।
मंदिरों में मां के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आए। नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाएगी। पर्व के पहले दिन से ही प्रदेशभर के देवी मंदिरों में आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।



