
मुंबई में दिवाली से पहले 1 लाख पेड़ लगाने का बीजेपी का लक्ष्य
BJP's target to plant 1 lakh trees in Mumbai before Diwali.
महाराष्ट्र: मुंबई में बढ़ते शहरीकरण और विकास परियोजनाओं के बीच पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शहर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का संकल्प लिया है। इस अभियान के तहत मुंबई की हाउसिंग सोसायटियों और निजी इमारतों के परिसरों में करीब एक लाख नए पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। बीजेपी का उद्देश्य आगामी दिवाली से पहले मुंबईकरों को ‘हरित दिवाली’ की सौगात देना बीजेपी के मुंबई महानगरपालिका में सदन नेता और वृक्ष प्राधिकरण समिति के सदस्य गणेश खणकर ने इस संबंध में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र लिखकर मांग की है। साथ ही, वृक्ष प्राधिकरण की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया गया है।
गणेश खणकर के अनुसार, मुंबई में नए पेड़ लगाने के लिए सार्वजनिक खुली जगहों की कमी एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में हाउसिंग सोसायटियों और निजी इमारतों के परिसरों में उपलब्ध खाली जगहों का प्रभावी इस्तेमाल कर शहर में हरियाली बढ़ाई जा सकती है। मुंबई में वर्तमान में करीब 45 हजार हाउसिंग सोसायटियां और 15 हजार निजी इमारतें हैं। यदि इन सभी परिसरों में कम से कम एक से दो पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, तो शहर में लगभग एक लाख नए पेड़ लगाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बीजेपी का मानना है कि इस पहल से न केवल हरित क्षेत्र में वृद्धि होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
पेड़ों की छंटाई की समस्या दूर करने की मांग
वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के साथ-साथ गणेश खणकर ने पेड़ों की छंटाई से जुड़ी समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उनके मुताबिक, कई हाउसिंग सोसायटियां पेड़ लगाने के लिए इच्छुक हैं, लेकिन पेड़ों की खतरनाक या रास्ते में बाधा बनने वाली शाखाओं की छंटाई में आने वाली परेशानियों के कारण पीछे हट जाती हैं। यदि महानगरपालिका समय पर छंटाई की सुविधा उपलब्ध नहीं कराती, तो सोसायटियों को निजी स्तर पर यह काम करवाने के लिए काफी खर्च करना पड़ता है। इससे वृक्षारोपण और पेड़ों के संरक्षण के प्रति उनका उत्साह प्रभावित होता है।
इसलिए प्रशासन से मांग की गई है कि पेड़ों की छंटाई के लिए सरल और सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि हाउसिंग सोसायटियां बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के वृक्षारोपण और वृक्ष संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ सकें।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल
मुंबई जैसे घनी आबादी वाले महानगर में बढ़ते निर्माण कार्यों के बीच हरियाली को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में हाउसिंग सोसायटियों और निजी इमारतों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने की यह पहल शहर के पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अब इस प्रस्ताव पर महानगरपालिका प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी। यदि अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है, तो मुंबई में हरियाली बढ़ाने और नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में मदद मिल सकती है।



