राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम सुक्खू ने केंद्र और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
Congress protests in Shimla against Rahul Gandhi's detention CM Sukhu targets the Centre and the Election Commission.
हिमाचल प्रदेश, शिमला : दिल्ली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शिमला स्थित लोक भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राज्यपाल के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनर्निरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के जरिए लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को बंद करने की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर जाने से रोकना और हिरासत में लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना हर नागरिक और राजनीतिक दल का अधिकार है। सुक्खू ने आरोप लगाया कि देश में “वोट चोरी” हुई है और कांग्रेस इसी मुद्दे को जनता के बीच उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज लोक भवन का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया है और आने वाले दिनों में प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने से रोके जाने के बाद विपक्षी नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दिया था। बाद में पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
कांग्रेस सहित 18 विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया को लेकर लगातार विरोध जता रहे हैं।



