जनसेवा के 25 साल: रांची में कल गूंजेगा विकसित भारत का संकल्प, PM मोदी करेंगे संबोधित
25 Years of Public Service: Resolve for a 'Viksit Bharat'Developed India to Resonate in Ranchi Tomorrow PM Modi to Address the Gathering

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से देशसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में रांची के ओटीसी ग्राउंड में सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर रांची में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने ओटीसी ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा से देशसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर में देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान और प्रभाव को मजबूत किया है। आज दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल को लेकर देशभर के करीब साढ़े सात सौ जिलों में सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की जा रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।रांची में होने वाले कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। पार्टी नेताओं ने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम में मौजूद लोग उनका संबोधन सीधे सुन सकें। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा को स्मरण करने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।



