फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद, गोदाम मालिक गिरफ्तार
Large quantity of explosive material seized in Faridabad warehouse owner arrested.

हरियाणा, फरीदाबाद: बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी कर एक खाली प्लॉट से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, मौके से पोटाश और गंधक से भरे कई कट्टे बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने गोदाम मालिक पुनीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को सूचना मिली थी कि मुकेश कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में भारी मात्रा में पोटाश और गंधक जैसी विस्फोटक सामग्री जमा कर रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की और सामग्री बरामद की। पुलिस का दावा है कि यह सामग्री दिवाली के दौरान बिक्री के लिए लाई गई थी।
दिवाली पर बिक्री के लिए लाई गई थी सामग्री
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार के मुताबिक, आरोपी पुनीत बल्लभगढ़ मंडी में व्यापारी है और जिस स्थान से विस्फोटक सामग्री बरामद हुई, वह उसी के इस्तेमाल में था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पोटाश के साथ गंधक भी बड़ी मात्रा में कट्टों में भरकर रखा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में यह सामग्री आरोपी के पास कहां से आई और इसे आगे कहां भेजा जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में जांच के दौरान अन्य ठिकानों से भी विस्फोटक सामग्री बरामद हो सकती है।
तीन दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी पुनीत के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर विस्फोटक सामग्री की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और इसके संभावित अन्य ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने यह सामग्री किससे खरीदी थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के दौरान पुलिस सुरक्षा में लेकर गई। वहीं, जिस गोदाम/प्लॉट में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, वहां से बरामद सामग्री के विजुअल भी सामने आए हैं।



